देश की खबरें | कांग्रेस विधायकों ने महिलाओं के खिलाफ अपराध के मुद्दे पर गुजरात विधानसभा से बहिर्गमन किया

गांधीनगर, 10 मार्च गुजरात विधानसभा अध्यक्ष निमाबेन आचार्य द्वारा महिलाओं पर हमले की दो घटनाओं को लेकर चर्चा के लिए ‘‘शून्यकाल’’ की मांग को ठुकराने के बाद विपक्षी दल कांग्रेस के लगभग 10 विधायकों ने बृहस्पतिवार को सदन से बहिर्गमन किया।

विधायक पुंजा वंश ने सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही अध्यक्ष से आठ मार्च को हुई दो घटनाओं के संबंध में चर्चा करने का आग्रह किया।

आठ मार्च का दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है।

वंश ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ आठ मार्च को गांधीनगर के एक मैदान में एकत्र महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कुछ पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार और मारपीट की थी।

विधायक ने आठ मार्च को अहमदाबाद के करंज इलाके में एक महिला पुलिस उप निरीक्षक (एसआई) पर अदालत परिसर में भीड़ द्वारा हमले का मुद्दा भी उठाया था।

वंश ने दावा किया कि महिला एसआई पर हमले के बावजूद पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।

अध्यक्ष ने चर्चा कराये जाने संबंधी उनकी मांग को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि सदन में ‘‘शून्यकाल’’ घोषित करने की कोई परंपरा नहीं है तो वंश, जिनीबेन ठाकोर, शिवा भूरिया और अमरीश डेर सहित आठ-नौ अन्य विधायकों ने सदन से बहिर्गमन किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)