एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस विधायक ने जयपुर में विकास कार्यो की अनदेखी पर मंत्री के प्रति रोष जताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सत्ताधारी कांग्रेस के एक विधायक ने जयपुर में विकास कार्यों में अनदेखी का आरोप लगाते हुए स्वायत्त शासन एवं शहरी विकास मंत्री शांति धारीवाल के प्रति रोष व्यक्त किया है।

देश की खबरें | कांग्रेस विधायक ने जयपुर में विकास कार्यो की अनदेखी पर मंत्री के प्रति रोष जताया

जयपुर, छह अप्रैल सत्ताधारी कांग्रेस के एक विधायक ने जयपुर में विकास कार्यों में अनदेखी का आरोप लगाते हुए स्वायत्त शासन एवं शहरी विकास मंत्री शांति धारीवाल के प्रति रोष व्यक्त किया है।

जयपुर की किशनपोल सीट से कांग्रेस विधायक अमीन कागजी ने धारीवाल पर जयपुर में विकास कार्य को लेकर पक्षपात करने और केवल अपने गृहनगर कोटा में विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने का आरोप लगाया है। विधायक कागजी ने सवाल उठाया है कि शहरी विकास मंत्री के पास जयपुर के लिए समय क्यों नहीं है?

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री उदार हैं और वे सारी योजनाएं ला रहे हैं लेकिन मंत्री अड़ंगा लगा रहे हैं और इससे जनता में एक "संदेश" जाता है।

कांग्रेस विधायक ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘आप मेरे विधानसभा क्षेत्र किशनपोल क्षेत्र की बात करो। मैंने पिछले 10 महीने में मंत्री को 10 पत्र लिखे हैं क‍ि साब मुझे अभियंता (एक्सईएन) दे दो ... लेकिन वह कहते हैं कि नहीं दूंगा। ... सारे (अभियंता) कोटा ले जाओ, कोटा से ही सरकार बन जाएगी…वह नंबर वन मंत्री हैं, क्या वे जीत पाएंगे?”

विधानसभा चुनाव (2018) में चार सीटों पर कांग्रेस की जीत की ओर इशारा करते हुए उन्‍होंने कहा, ‘‘जयपुर में हमें चार-चार (विधानसभा) सीटें मिलीं .. यहां (नगर) न‍िगम में एक्सईएन नहीं हैं, जेईएन नहीं हैं .. सरकार ने पैसा द‍िया है लेकिन क्‍या बगैर अभियंताओं के योजनाएं कैसे बनेंगी।’’

कांग्रेस विधायक ने मंत्री पर पक्षपात करने और लोगों का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘... भेदभाव करते हैं, अपमान करते हैं लोगों का, सारे एक्सईएन... एईएन ले गए कोटा, कोटा को चमन कर रहे हैं।’’

इस संबंध में जब विधायक ने संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें जो कुछ बोलना था, बोल चुके हैं और कुछ नहीं कहना है। उन्होंने कहा, “कुछ चीजें थीं जो मैंने कही हैं। अब कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है।” विधायक ने कहा कि इस मामले में उनसे पार्टी की तरफ से कोई स्पष्टीकरण नहीं मांगा गया है।

इस मामले पर मंत्री धारीवाल की प्रतिक्रिया जानने के लिए उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 06, 2023 08:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).