देश की खबरें | कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने विमान हादसे की जांच का आदेश दिए जाने का आग्रह किया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, सात अगस्त कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने केरल के कोझीकोड में हुए विमान हादसे पर दुख जताते हुए शुक्रवार को कहा कि नागर विमानन मंत्रालय को इस घटना की जांच का तत्काल आदेश जारी करना चाहिए।

केरल से ताल्लुक रखने वाले वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा, ‘‘यह विमान दुर्घटना स्तब्ध कर देने वाली है। राहत एवं मदद के लिए सरकार को सभी जरूरी कदम उठाने चाहिए।’’

यह भी पढ़े | केरल के कोझिकोड विमान हादसे पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जताया दुःख: 7 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

कांग्रेस के संगठन महासचिव के मुताबिक, उन्होंने नागर विमानन मंत्रालय से इस घटना की जांच के लिए तत्काल आदेश जारी करने का आग्रह किया है।

वेणुगोपाल ने कहा कि घायलों को उचित चिकित्सा सेवा मुहैया कराई जाए और मारे गए लोगों के परिजन को वित्तीय सहायता दी जाए।

यह भी पढ़े | Air India Express Plane Crash at Calicut Airport in Kozhikode: केरल में विमान हादसा, दो हिस्सों में टूटा, अब तक 15 लोगों की मौत, 123 लोग घायल.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरूवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य शशि थरूर ने इस विमान हादसे को केरल के लिए दुखद दिन करार दिया और उम्मीद जताई कि यात्रियों को बचाने के प्रयास में सफलता मिलेगी।

एअर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान कोझीकोड हवाईअड्डे की हवाईपट्टी पर फिसलकर करीब 50 फीट गहरी खाई में गिरकर दो हिस्सों में टूट गया। इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।

विमान में 191 लोग सवार थे। इस विमान ने दुबई से उड़ान भरी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)