देश की खबरें | कांग्रेस, गांधी परिवार ने अमेठी को 'बर्बाद' कर दिया : मोहसिन रजा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की अमेठी संसदीय सीट से 2004 से सांसद रहे, लेकिन वर्ष 2019 में उन्होंने अमेठी के साथ-साथ केरल की वायनाड लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ा था।

राहुल अमेठी सीट पर स्मृति ईरानी से हार गए थे, हालांकि केरल की वायनाड सीट पर वह विजयी रहे।

उत्तर प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर नवोदय विद्यालय गौरीगंज में आज आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत में मोहसिन रजा ने कहा कि गांधी परिवार ने कई दशकों तक अमेठी के लोगों को 'छला' और अमेठी का विकास नहीं किया। रजा ने कहा कि अपना स्वार्थ सिद्ध करने के बाद राहुल गांधी वायनाड चले गए।

अमेठी जिले के प्रभारी मंत्री रजा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा "प्रियंका गांधी को अमेठी व अमेठी के लोगों से कोई मतलब नहीं है और अब तो वह अमेठी आती भी नहीं हैं।''

मोहसिन रजा ने कहा "जब से उत्तर प्रदेश में योगी जी की सरकार बनी है और स्मृति ईरानी अमेठी से सांसद चुनी गई हैं, अमेठी में 800 करोड़ रुपये विकास पर खर्च किये गये हैं। उत्तर प्रदेश की योगी एवं केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार हमेशा अमेठी के विकास के लिए प्रयासरत है।''

रजा ने दावा किया कि स्‍मृति ईरानी के अमेठी में आने के बाद से शिक्षा, चिकित्सा, रेल, सड़क जैसे तमाम क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहा है।

राज्‍य मंत्री ने कहा कि अमेठी अब विकास के पथ पर चल पड़ा है। उन्होंने आयोजित कार्यक्रम में अमेठी के विकास पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया। इस अवसर पर विकास पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। कार्यक्रम में विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह,विधायक अमेठी गरिमा सिंह ने भी शिरकत की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)