देश की खबरें | किसानों के आंदोलन के नाम पर राजनीति कर रहे कांग्रेस, सपा: भाजपा

नयी दिल्ली, चार अक्टूबर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा के मुद्दे पर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) किसानों के आंदोलन के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।

भाजपा के सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में सपा कार्यकर्ता शामिल थे। इस घटना में चार किसानों सहित कुल आठ लोगों की मौत हुई है।

इस घटना में मारे गए एक व्यक्ति के रिश्तेदारों की ओर से दायर शिकायत की तस्वीर साझा करते हुए मालवीय ने दावा किया कि हिंसा में सपा के कार्यकर्ता शामिल थे, जिन्हें पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव किसान बता रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आंदोलन के नाम पर सपा और कांग्रेस लखीमपुर में राजनीति कर रहे है।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए मालवीय ने आरोप लगाया कि चूंकि उत्तर प्रदेश में विधानसभा के चुनाव हैं इसलिए वह किसानों के नाम पर राजनीति कर रही हैं।

उन्होंने राजस्थान के हनुमानगढ़ का एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ये दृश्य राजस्थान के हनुमानगढ़ से है - धान के समर्थन मूल्य पर राज्य सरकार से खरीद की मांग कर रहे किसानों पर पुलिस ने लाठियां बरसाई। ऐसा क्यों होता है कि कांग्रेस की नेत्री को राजस्थान के किसान नहीं दिखते? या फिर यूपी में चुनाव हैं, इसलिए किसानों के नाम पर राजनीति की जा रही है?’’

भाजपा के संगठन महासचिव ने उन विपक्षी नेताओं को आड़े हाथों लिया जो लखीमपुर खीरी जाने का प्रयास कर रहे थे और कहा कि कांग्रेस में कट्टरपंथी सोच की एक खतरनाक प्रवृत्ति घर कर रही है।

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री लखीमपुर खीरी जाना चाहते हैं। यदि कांग्रेस शासित राज्यों में होने वाली हर हिंसक घटना पर अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री वहां का दौरा करने करने लगे तो क्या होगा।’’

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की लखीमपुर यात्रा से पहले रविवार को हुई इस हिंसक घटना में आठ लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में किसान और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया है कि मृतकों में से चार कार में सवार व्यक्ति थे, जो कि प्रत्यक्ष तौर पर उत्तर प्रदेश के मंत्री का स्वागत करने आए भाजपा कार्यकर्ताओं के काफिले का हिस्सा थे। ऐसे आरोप हैं कि इनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि चार अन्य किसान थे।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे और कई अन्य के खिलाफ हिंसा के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)