देश की खबरें | कांग्रेस ने कोविन डेटा में सेंधमारी के दावे को लेकर उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग की

नयी दिल्ली, 12 जून कांग्रेस ने कोविन प्लेटफॉर्म के डेटा में सेंधमारी की खबरों पर चिंता जताते हुए सोमवार को कहा कि सरकार के डेटा प्रबंधन की व्यवस्था की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच होनी चाहिए।

इसके साथ ही, पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सवाल किया कि सरकार करोड़ों भारतीय नागरिकों के डेटा की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठा रही है?

उन्होंने ट्वीट कर कहा, "निजी डेटा में सेंधमारी गंभीर चिंता का विषय है क्योंकि इसका निजता, सुरक्षा पर विपरीत असर होता है तथा लोग वित्तीय जालसाजी के शिकार हो सकते हैं।"

रमेश ने सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें व्हाट्सएप फॉरवर्ड करने के बदले संवाददाता सम्मेलन कर पूरी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार का यह कर्तव्य है कि वह हर व्यक्ति की निजता की सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि अपनी निजी जानकारी को लेकर कोई भी नागरिक सरकार पर विश्वास नहीं कर सकता।

वेणुगोपाल ने कहा, "सरकार की संपूर्ण डेटा प्रबंधन व्यवस्था की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय न्यायिक जांच से ही लोगों की निजता के खतरे के स्तर के बारे में सही जानकारी मिल सकती है।''

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि कोविन प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत लाभार्थियों के डेटा में सेंध लगने का दावा करने वाली खबरें ‘‘बेबुनियाद’’ हैं और उसने देश की नोडल साइबर सुरक्षा एजेंसी सर्ट-इन से मामले में जांच करने और एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का अनुरोध किया है।

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को कहा कि ऐसा नहीं लगता कि कोविन ऐप या डेटाबेस सीधे तौर पर इसका शिकार हुआ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)