नयी दिल्ली, 19 अगस्त कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को ‘न्यू ब्रॉडकास्टिंग स्टैंडर्ड अथॉरिटी’ (एनबीएसए) का रुख किया और कहा कि टेलीविजन चैनलों पर ‘सनसनीखेज’ बहसों को लेकर आचार संहिता लागू करने के संदर्भ में परामर्श जारी किया जाए।
इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी, कांग्रेस सचिव प्रणव झा और प्रवक्ता जयवीर शेरगिल शामिल थे।
इस प्रतिनिधिमंडल ने यह मांग भी की कि मीडिया समूहों, पत्रकारों, एंकर और प्रवक्ताओं को उनके व्यवहार के लिए जवाबदेह ठहराया जाए।
जयवीर शेरगिल ने गत बृहस्पतिवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि समाचार चैनलों के बहस आधारित कार्यक्रमों में ‘शालीनता’ बहाल करने के मकसद से आचार संहिता लागू करने के लिए परामर्श जारी किया जाए।
कांग्रेस की ओर से आचार संहिता की मांग उस वक्त की जा रही है जब हाल ही कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
त्यागी बुधवार शाम एक टेलीविजन चैनल के बहस आधारित कार्यकम में शामिल थे और इस कार्यक्रम के कुछ देर बाद ही उनको दिल का दौरा पड़ा। इसके कुछ मिनटों बाद ही गाजियाबाद के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY