देश की खबरें | कांग्रेस ने भूख सूचकांक सूची में भारत के पीछे रहने को लेकर सरकार और भाजपा पर निशाना साधा

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर कांग्रेस ने वैश्विक भूख सूचकांक 2022 में भारत के 107वें स्थान पर रहने को लेकर शनिवार को सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी उन तथ्यों को दबाने का प्रयास कर रही है जिनकी वजह से भारत आज इस संकट तक पहुंचा है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने यह आरोप भी लगाया कि सरकार इस स्थिति को स्वीकार नहीं कर रही है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भारत भूख सूचकांक में एक बार फिर नीचे की ओर फिसल गया है। भाजपा इनकार करने की मुद्रा में है और उन तथ्यों को छिपाने का प्रयास कर रही है जिनके कारण यह स्थिति पैदा हुई।’’

खरगे ने सवाल किया, ‘‘मोदी जी, क्या कोई और बहाना बच गया है?’’

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से ट्वीट किया, ‘‘ वैश्विक भूख सूचकांक 2022 में भूख सूचकांक में भारत 107वें स्थान पर पहुंच गया, 121 देशों की सूची में। पिछले साल तक रैंकिंग 101 थी। ये देश हमसे बेहतर स्थिति में हैं। क्या फर्जी विश्वगुरु ने इसी 'अच्छे दिन' का वादा किया था?’’

वैश्विक भूख सूचकांक 2022 में भारत की स्थिति और खराब हुई है तथा वह 121 देशों में 107वें नंबर पर है जबकि बच्चों में ‘चाइल्ड वेस्टिंग रेट’ (ऊंचाई के हिसाब से कम वजन) 19.3 प्रतिशत है जो दुनिया के किसी भी देश से सबसे अधिक है।

पड़ोसी देश पाकिस्तान (99), बांग्लादेश (84), नेपाल (81) और श्रीलंका (64) भारत के मुकाबले कहीं अच्छी स्थिति में हैं। एशिया में केवल अफगानिस्तान ही भारत से पीछे है और वह 109वें स्थान पर है।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)