देश की खबरें | कांग्रेस ने लोगों से केरल में ईंधन की कीमतों पर नया उपकर नहीं देने को कहा

नयी दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 10 फरवरी केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष के सुधाकरन ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी ईंधन की कीमतों पर उपकर लगाने के केरल की वामपंथी सरकार के बजट फैसलों के खिलाफ विरोध तेज करेगी और पार्टी ने लोगों से बढ़ी हुई राशि का भुगतान नहीं करने को कहा।

नयी दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए सुधाकरन ने कहा कि यदि लोगों को बढ़ी हुई उपकर राशि का भुगतान नहीं करने के कारण किसी परेशानी का सामना करना पड़ता है तो कांग्रेस पार्टी उन लोगों की रक्षा करेगी।

सुधाकरन ने कहा, “मुख्यमंत्री के अड़ियल रवैये से प्रदेश का गला घोंटा जा रहा है। इस बजट से समाज के सभी वर्ग प्रभावित हुए हैं।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को लोगों पर लगाए गए अतिरिक्त दायित्व (उपकर) को वापस लेना होगा।

कांग्रेस नेता ने कहा, “बजट के फैसलों के खिलाफ कांग्रेस विरोध तेज करेगी। मैं लोगों से आग्रह करता हूं कि वे बढ़ी हुई ईंधन उपकर राशि का भुगतान न करें। हम उपकर का भुगतान न करने के कारण समस्याओं का सामना करने वालों की रक्षा करेंगे।”

सुधाकरन ने दावा किया कि जब विजयन विपक्ष में थे तो उस दौरान उन्होंने तत्कालीन ‘यूडीएफ’ शासन द्वारा लगाए गए कर का भुगतान नहीं करने का आह्वान किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)