देश की खबरें | पुस्तक के शीर्षक को लेकर करीना कपूर के खिलाफ बीड़ के थाने में शिकायत

बीड, 14 जुलाई एक ईसाई समूह ने अभिनेत्री करीना कपूर की पुस्तक के शीर्षक पर आपत्ति जताते हुए बुधवार को उनके और दो अन्य लोगों के खिलाफ महाराष्ट्र के बीड शहर में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। समूह ने उनपर समुदाय की भावनाओं के आहत करने का आरोप लगाया है।

अल्फा ओमेगा क्रिश्चियन महासंघ के अध्यक्ष आशीष शिंदे ने पुस्तक को लेकर शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें दूसरे लेखक का भी नाम है।

शिंदे ने अपनी शिकायत में करीना कपूर और अदिति शाह भीमजानी द्वारा लिखित और जगरनॉट बुक्स द्वारा प्रकाशित पुस्तक के शीर्षक ''प्रेग्नेंसी बाइबिल'' का उल्लेख किया है।

उन्होंने कहा है कि किताब के शीर्षक में पवित्र शब्द 'बाइबल' का इस्तेमाल किया गया है और इससे ईसाइयों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

शिंदे ने अभिनेत्री और दो अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 295-ए के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है।

एक पुलिस अधिकारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि की, लेकिन कहा कि कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

शिवाजी नगर थाना प्रभारी निरीक्षक साईनाथ थोम्ब्रे ने 'पीटीआई-' को बताया, ''हमें शिकायत मिली है लेकिन यहां कोई मामला दर्ज नहीं किया जा सकता क्योंकि घटना यहां (बीड में) नहीं हुई है। मैंने उन्हें मुंबई में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)