देश की खबरें | तटरक्षक बल ने गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को डोर्नियर विमान से कोच्चि तक पहुंचाया

कोच्चि, सात जुलाई भारतीय तटरक्षक बल के जवानों ने शुक्रवार को गंभीर रूप से बीमार एक व्यक्ति को बेहतर चिकित्सा देखभाल के वास्ते दूरस्थ लक्षद्वीप द्वीप से कोच्चि तक पहुंचाने के लिए खराब मौसम के दौरान डोर्नियर विमान ने लंबी दूरी तय की।

ऐसा बताया जा रहा है कि 48 वर्षीय एक व्यक्ति को मस्तिष्काघात (ब्रेन स्ट्रोक) के बाद द्वीपसमूह के एक द्वीप एंड्रोथ के सरकारी अस्पताल ले लाया गया था।

मरीज को 170 किलोमीटर की दूरी तय कर एंड्रोथ से अगत्ती ले जाया गया और फिर 450 किलोमीटर की दूरी तय कर अगत्ती से कोच्चि ले जाया गया।

कोच्चि में कोस्ट गार्ड एयर एन्क्लेव में एक ‘कोस्ट गार्ड डोर्नियर’ एक मेडिकल टीम और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों के साथ मौजूद था। एंड्रोथ से मरीज को लेने के लिए यह सुबह सात बजे रवाना हुई।

रक्षा विभाग की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि कवरत्ती और एंड्रोथ में तटरक्षक बल के अधिकारियों ने भारी बारिश के बीच मरीज को सुरक्षित ले जाने में मदद की।

इसमें कहा गया है कि इसके बाद, उन्हें तटरक्षक डोर्नियर में अगत्ती से कोच्चि तक हवाई मार्ग से ले जाया गया।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘तटरक्षक डोर्नियर ने प्रतिकूल मौसम में लगभग 900 किलोमीटर की दूरी तय की और रास्ते में मरीज को आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की।’’

डोर्नियर विमान अपराह्न दो बजकर 38 मिनट पर यहां उतरा और मरीज को इलाज के लिए कोच्चि के मेडिकल ट्रस्ट अस्पताल ले जाया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)