नयी दिल्ली, 27 जनवरी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड का 31 दिसंबर, 2024 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 17.4 प्रतिशत घटकर 8,491.22 करोड़ रुपये रह गया है। कंपनी ने कहा कि कम बिक्री के चलते उसके मुनाफे में गिरावट आई है।
कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी ने 10,291.71 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।
कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के दौरान उसकी बिक्री सालाना आधार पर 33,011.11 करोड़ रुपये से घटकर 32,358.98 करोड़ रुपये रह गई।
कोयला क्षेत्र की इस दिग्गज कंपनी का कुल खर्च चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के दौरान बढ़कर 26,201.55 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 25,132.87 करोड़ रुपये था।
एकल आधार पर समीक्षाधीन तिमाही के दौरान सीआईएल का लाभ बढ़कर 9,646.26 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 9,316.40 करोड़ रुपये था।
कंपनी के निदेशक मंडल ने 5.60 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का दूसरा अंतरिम लाभांश घोषित किया है।
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी का कोयला उत्पादन चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में बढ़कर 54.33 करोड़ टन हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 53.18 करोड़ टन था।
घरेलू कोयला उत्पादन में सीआईएल की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत से अधिक है।
कोल इंडिया लि. ने चालू वित्त वर्ष के लिए अपने उत्पादन लक्ष्य को संशोधित कर 80.6-81 करोड़ टन कर दिया है, जबकि पहले इसके 83.8 करोड़ टन रहने का अनुमान लगाया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY