देहरादून, सात जुलाई सिविल सेवाओं की परीक्षाओं की तैयारी के लिए जल्द ही उत्तराखंड के तीन विश्वविद्यालयों में कोचिंग सेंटर शुरू किए जा रहे हैं जहां लड़कियों एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को वरीयता दी जाएगी।
राजभवन से शुक्रवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय, पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकि विश्वविद्यालय और श्री देव सुमन विश्वविद्यालय के ऋषिकेश परिसर में संचालित होने वाले कोचिंग सेंटरों में संघ लोक सेवा आयोग एवं राज्य लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी ।
अक्टूबर से इन कोचिंग सेंटरों का संचालन प्रस्तावित है ।
कोचिंग सेंटर प्रारंभ किए जाने के संबंध में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने राजभवन में तीनों विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की ।
बैठक में राज्यपाल ने वर्तमान में उत्तराखंड से संघ लोक सेवा आयोग में बहुत कम संख्या में अभ्यर्थियों के उर्त्तीण होने पर असंतोष जाहिर करते हुए कहा कि सिविल सेवाओं में राज्य के अधिक से अधिक छात्रों के उत्तीर्ण होने के लिए उन्हें उचित मार्गदर्शन और तैयारी की जरूरत है ।
उन्होंने कहा कि संसाधनों के अभाव या अन्य कारणों के कारण इन परीक्षाओं में हिस्सा नहीं ले पाने वाले प्रतिभावान और सिविल सेवाओं में रूचि रखने वाले छात्रों के लिए इन तीन विश्वविद्यालयों में कोचिंग सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया है ।
राज्यपाल ने कहा कि इन सेंटरों में बच्चों को बेहद रियायती शुल्क में सिविल सर्विस की तैयारी कराई जाएगी । उन्होंने कहा कि सेंटरों में विषय विशेषज्ञ अध्यापक छात्रों की कक्षाएं लेंगे तथा साथ ही देश में अग्रणी श्रेणी के संस्थानों के विशेषज्ञों की सहायता भी ली जाएगी।
उन्होंने तीनों कुलपतियों को इन सेंटरों को शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारियां जैसे प्रवेश हेतु परीक्षा, शुल्क का निर्धारण, विशेषज्ञ शिक्षकों की व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों को समय से सुनिश्चित करने को कहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY