नयी दिल्ली, 29 जुलाई आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को उपराज्यपाल सचिवालय के समीप प्रदर्शन किया और दिल्ली में नालों से गाद निकालने के लिए निर्देश जारी करने में कथित तौर पर नाकाम रहने वाले अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की।
यह विरोध प्रदर्शन ऐसे समय किया गया है जब दो दिन पहले ओल्ड राजेंद्र नगर में भारी बारिश के बाद एक कोचिंग सेंटर के ‘बेसमेंट’ में पानी भर जाने के कारण सिविल सेवा परीक्षा के तीन अभ्यर्थियों की मौत हो गयी।
‘आप’ विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि वे उपराज्यपाल वी के सक्सेना से उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध लेकर आए हैं जिन्होंने मंत्रियों के आदेश के बावजूद नालों से गाद निकालने के लिए निर्देश जारी नहीं किए।
उन्होंने कहा, ‘‘हम यहां एलजी साहब से अनुरोध करने आए हैं कि वे अक्षम अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करें, जो मंत्रियों की बात नहीं सुनते हैं।’’
‘आप’ विधायक और एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा पिछले 15 साल तक एमसीडी में सत्ता में रही। उसने जल निकासी प्रणाली पर काम नहीं किया लेकिन अब राजनीति कर रही है। उसका पर्दाफाश हो गया है।’’
कोचिंग सेंटर हादसे के बाद दिल्ली में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे ‘हत्या’ बताया वहीं ‘आप’ सरकार ने दावा किया कि मौजूदा उपराज्यपाल उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करते हैं जो अपने मंत्रियों की नहीं सुनते हैं।
उपराज्यपाल सक्सेना ने सोमवार को ओल्ड राजेंद्र नगर का दौरा किया और तीन आईएएस अभ्यर्थियों की मौत को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY