देश की खबरें | नागरिक अधिकार कार्यकर्ता प्रफुल्ल सामंतरा ने ''अपहरण और रिहाई'' के बाद पुलिस में शिकायत दी

बेरहामपुर (ओडिशा), 30 अगस्त ओडिशा में एक होटल से चार लोगों द्वारा कथित तौर पर अपहरण किए जाने के एक दिन बाद नागरिक अधिकार कार्यकर्ता प्रफुल्ल सामंतरा ने बुधवार को रायगड पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर एक शिकायत दी।

गोल्डमैन पर्यावरण पुरस्कार-2017 के विजेता सामंतारा ने कहा कि मंगलवार को रायगड के एक होटल से उनका अपहरण कर लिया गया था।

सामंतरा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने अपनी शिकायत स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्रभारी निरीक्षक, रायगड को भेजी और उनसे इसे प्राथमिकी दर्ज करने के लिए स्वीकारने का अनुरोध किया।’’

नागरिक अधिकार कार्यकर्ता के अनुसार, उन्हें रायगड के एक होटल से अपराह्न लगभग 3.40 बजे चार लोगों ने उठाया और बाद में लगभग 9.30 बजे बरहामपुर शहर में छोड़ दिया।

उन्होंने कहा कि अपहरणकर्ताओं ने उनके मोबाइल फोन छीन लिए, उनके दोनों हाथ बांध दिए और उनके चेहरे को तौलिये से ढक दिया ।

लोकशक्ति अभियान की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष सामंतरा ने कहा कि मुझे संदेह है कि वे पुलिसकर्मी थे और सरकार के दबाव में उन्होंने मेरा अपहरण किया।

रायगड पुलिस ने घटना से अनभिज्ञता जताई और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों द्वारा अपहरण किए जाने के आरोपों से इंकार किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)