श्रीनगर, 18 जुलाई जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि सितंबर में केंद्रशासित प्रदेश के बांदीपुरा, गांदरबल और कुलगाम जिलों में तीन नए सिनेमाघर खुलेंगे, जिससे घाटी में सिनेमाघरों की कुल संख्या सात हो जाएगी।
सिन्हा ने श्रीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ करीब 30 साल बाद छोटे शहरों में भी सिनेमाघर खुल रहे हैं। कुछ दिन पहले, बारामूला में एक सिनेमाघर खोला गया था, जबकि पिछले साल पुलवामा और शोपियां में सिनेमाघर की शुरुआत की गई थी। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘सितंबर के आखिरी सप्ताह में बांदीपुरा, गांदरबल और कुलगाम जिलों में सिनेमा घर जनता को समर्पित कर दिए जाएंगे।’’
सिन्हा ने कहा कि गत वर्षों में पड़ोसी देश और कुछ लोगों के तंत्र ने जम्मू-कश्मीर के लाखों लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को मारने का प्रयास किया गया था।
उप राज्यपाल ने कहा, ‘‘लेकिन, मैं आज कह सकता हूं कि जम्मू-कश्मीर के नागरिकों, युवाओं के पास नए सपने हैं और वे एक नया माहौल बनाने में मदद कर रहे हैं। हर किसी को यह ध्यान रखना चाहिए कि कला शांति की भूमि पर ही फलती-फूलती है। जहां शांति नहीं है, वहां कला नहीं पनपेगी।’’
सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर ने पिछले चार वर्षों में इस क्षेत्र (कला)में नई ऊंचाइयों को छुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस स्थिति के कारण आपको (कलाकारों को) बहुत नुकसान हुआ है, लेकिन अब, हमारे कलाकार जम्मू-कश्मीर की खोई हुई गरिमा को वापस लाने के लिए नई ऊर्जा के साथ काम कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY