इटानगर, आठ नवंबर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शुक्रवार को पुलिस कर्मियों से मौजूदा कानूनों को लागू करके ‘बंद’ की परंपरा को समाप्त करने में राज्य सरकार की मदद करने का आह्वान किया।
यहां इंदिरा गांधी पार्क में अरुणाचल प्रदेश पुलिस (एपीपी) के 52वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में ‘बंद’ की संस्कृति को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी, जिसका समाज और लोगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
खांडू ने कहा, ‘‘राज्य पुलिस को इस खतरे को रोकने के लिए सभी मौजूदा कानूनों को सख्ती से लागू करना चाहिए। बंद शिकायतों को रखने का अंतिम समाधान नहीं है। संगठनों को सरकार के समक्ष अपनी शिकायतें रखने के लिए अन्य तरीके अपनाने चाहिए। बंद का समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और हड़ताल के कारण राज्य को भारी नुकसान होता है।’’
विभिन्न चुनौतियों के बावजूद राज्य पुलिस की शानदार यात्रा की सराहना करते हुए खांडू ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में पुलिस बल को मजबूत करने के लिए काफी निवेश किया है।
मुख्यमंत्री ने मादक पदार्थों को राज्य के लिए अभिशाप बताते हुए पुलिस से इस समस्या से सख्ती से निपटने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने राज्य में हाल ही में संपन्न विधानसभा और लोकसभा चुनावों के शांतिपूर्ण संचालन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य पुलिस की सराहना की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY