देश की खबरें | मिजोरम के मुख्यमंत्री ने म्यांमा के विदेश मंत्री के साथ ऑनलाइन बैठक की

आइजोल, 21 मार्च मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने रविवार को म्यांमा की मौजूदा राजनीतिक स्थित और वहां ज़ो जातीय लोगों को पेश आ रही दिक्कतों पर पड़ोसी देश के विदेश मंत्री जिन मार आंग के साथ बैठक की।

डिजिटल माध्यम से हुई बैठक में, अमेरिका में रहने वाले मिजो नेताओं ने भी हिस्सा लिया और जोरमथंगा ने म्यांमा के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, “ म्यांमा के माननीय विदेश मंत्री जिन मार आंग के साथ आज सुबह सार्थक (ऑनलाइन) बैठक की। इस मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं म्यांमा के साथ हैं।”

उन्होंने कहा, “ हमारी प्रार्थना है कि आपकी पीड़ा और जेहनी तनाव जल्द से जल्द खत्म हो।”

मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों नेताओं ने म्यांमा की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की। म्यांमा में फरवरी में सेना ने तख्तापलट कर दिया था।

अधिकारी ने कहा कि यह बैठक म्यांमा के ज़ो जातीय लोगों के बीच एकजुटता बढ़ाने और शांति का आह्वान करने के लिए थी जो पड़ोसी देश में सैन्य जुंता के सत्ता को अपने हाथ में लेने के बाद से ‘ जुल्म और अत्याचार’ के पीड़ित हैं।

अत्याचारों से भागकर पिछले कुछ हफ्तों में 500 से ज्यादा लोग म्यांमा से मिजोरम पहुंच गए हैं। वहीं केंद्र सरकार ने म्यांमा की सीमा से लगने वाले पूर्वोत्तर के चार राज्यों को निर्देश दिया है कि वे अवैध प्रवासियों को रोकें और उनका जल्द से जल्द निर्वासन सुनिश्चित करें।

ज़ोरमथंगा ने 18 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर देश में आने वाले म्यांमा के नागरिकों के लिए शरण और राहत की मांग की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत मानवीय संकट से मुंह नहीं मोड़ सकता।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)