शिमला, 27 अगस्त हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को अधिकारियों को राज्य में लकड़ी तस्करी को रोकने के लिए वन विभाग की चौकियों को पुलिस चौकियों के साथ एकीकृत करने का निर्देश दिया।
वन विभाग की यहां हुई एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने इन एकीकृत चौकियों पर सीसीटीवी कैमरों सहित उन्नत तकनीक स्थापित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री के हवाले से यहां जारी एक बयान में कहा गया कि लकड़ी की तस्करी से राज्य सरकार को राजस्व की हानि होती है और वन विभाग को अवैध व्यापार पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
सुक्खू ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के वन उत्तर भारत के फेफड़ों की तरह काम करते हैं और राज्य के लिए बहुमूल्य संपत्ति हैं।
उन्होंने बताया कि हाल में हुई मूसलाधार बारिश से इन पेड़ों को काफी क्षति पहुंची है जिसके परिणामस्वरूप राज्य को बड़ा नुकसान हुआ है।
मुख्यमंत्री ने वन में भूमि से उखड़े हुए पेड़ों को तुरंत हटाने और उनका उचित निपटान सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY