देश की खबरें | पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर रवाना होंगी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

कोलकाता, 30 जनवरी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा के लिए सोमवार को बीरभूम, मालदा और पूर्व बर्धमान जिलों के तीन दिवसीय दौरे पर रवाना होंगी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक, अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से भी बात करेंगी।

मुख्यमंत्री सोमवार को 46वें कोलकाता अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले का उद्घाटन करेंगी और फिर हेलीकॉप्टर से बोलपुर के लिए रवाना होंगी।

अधिकारी ने बताया कि बनर्जी मंगलवार को मालदा जाएंगी, जहां उनकी जन वितरण सभा होने वाली है।

अधिकारी ने बताया कि मालदा में मुख्यमंत्री द्वारा 'दुआरे सरकार' (द्वार पर सरकार) योजना के तहत प्रदान की जाने वाली सेवाओं का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा वहां निर्धारित छात्रों के लिए साइकिल वितरण कार्यक्रम का भी आयोजन होगा। जिसके बाद मुख्यमंत्री बोलपुर लौटेंगी।

इसके अलावा, अधिकारी ने बताया कि बुधवार को बनर्जी बोलपुर के डाकबंगला मैदान में राज्य सरकार के एक अन्य कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं। अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री बोलपुर में रूकेंगी।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन से उनके बोलपुर स्थित आवास पर मिल सकती हैं। उनके बुधवार शाम वापस कोलकाता लौटने की संभावना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)