विदेश की खबरें | प्रधान न्यायाधीश चंद्रचूड़ ने ब्रिटेन यात्रा के दौरान महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लंदन, दो अक्टूबर भारत के प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ ने सोमवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर यहां उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इंग्लैंड और वेल्स में कानूनी वर्ष की शुरुआत के मौके पर वेस्टमिंस्टर एबे में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ब्रिटेन आये न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ ने मध्य लंदन स्थित टेविस्टॉक स्क्वायर में गांधी प्रतिमा पर आयोजित वार्षिक कार्यक्रम में विशेष संबोधन दिया।

न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ ने कहा, ‘‘आज महात्मा गांधी की 154वीं जयंती पर हम उन्हें उनकी शिक्षाओं, सोच और मानवता के प्रति करुणा के लिए याद करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बापू की विरासत भारत की सीमाओं से परे दूर तक फैली है। उनके विचारों ने दुनियाभर में सांस्कृतिक और भौगोलिक अवरोधों को पार करते हुए अनगिनत लोगों और जन आंदोलनों को प्रेरित किया है। उनका दर्शन आज भी उन लोगों को प्रेरणा दे रहा है, जो अधिक समानतापूर्ण तथा न्यायसंगत समाज के लिए प्रयासरत हैं।’’

प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ‘‘आज हम जब जटिल वैश्विक चुनौतियों से जूझ रहे हैं, तब जरूरी है कि हम बापू की विरासत को संरक्षित रखें और उसे बढ़ावा दें।’’

उन्होंने सामाजिक न्याय और समानता के प्रति महात्मा गांधी की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)