रायपुर, तीन दिसंबर छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को हो रही मतगणना के शुरुआती रुझानों में सत्ताधारी दल कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर है।
चुनाव आयोग से मिले आंकड़ों के अनुसार भाजपा 39 सीट पर तथा सत्ताधारी दल कांग्रेस 35 सीट पर आगे है।
राज्य में सीपीआई और हमर राज पार्टी (सर्व आदिवासी समाज द्वारा गठित एक संगठन) एक-एक सीट पर आगे हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पाटन सीट पर भाजपा के विजय बघेल से 187 वोट से आगे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव लोरमी सीट पर कांग्रेस के थानेश्वर साहू से आगे हैं।
एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि 90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती रविवार सुबह आठ बजे शुरू हुई, सुरक्षाबल के जवान राज्य के 33 जिलों में मतगणना केंद्रों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं, जिनमें वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) से प्रभावित जिले भी शामिल हैं।
राज्य में सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था। मतदान प्रतिशत 76.31 प्रतिशत रहा।
राज्य में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव (दोनों कांग्रेस से) और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह (भाजपा) समेत कुल 1,181 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला आज होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY