एजेंसी न्यूज

7th Pay Commission: इस राज्य में दीपावली से पहले महंगाई भत्ता में पांच प्रतिशत बढ़ोत्तरी की सौगात

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के अधिकारियों-कर्मचारियों को दीपावली से पहले महंगाई भत्ता में पांच प्रतिशत बढ़ोतरी की सौगात दी है। जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

7th Pay Commission: इस राज्य में दीपावली से पहले महंगाई भत्ता में पांच प्रतिशत बढ़ोत्तरी की सौगात
(Photo Credit : ANI)

रायपुर, 14 अक्टूबर छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के अधिकारियों-कर्मचारियों को दीपावली से पहले महंगाई भत्ता में पांच प्रतिशत बढ़ोतरी की सौगात दी है। जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए डीए (महंगाई भत्ता) में पांच प्रतिशत बढ़ोत्तरी का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री और वित्त विभाग के मंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर वित्त विभाग ने आज डीए में बढ़ोत्तरी का आदेश जारी कर दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि डीए की बढ़ी हुए दर चालू अक्टूबर माह से ही प्रभावी होगी और इसका भुगतान एक अक्टूबर 2022 से किया जाएगा। डीए में पांच प्रतिशत की वृद्धि के बाद राज्य में सातवें वेतनमान से वेतन पाने वालों को 33 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य शासन ने छठवें वेतनमान से वेतन पाने वालों के महंगाई भत्ते में 12 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की है, जिसके बाद उन्हें 189 प्रतिशत महंगाई भत्ते की जगह 201 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।

उन्होंने बताया कि वित्त विभाग ने राज्य शासन के सभी विभागों, राजस्व मंडल बिलासपुर, सभी विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को महंगाई भत्ते में वृद्धि के संबंध में परिपत्र जारी कर दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य के अधिकारियों-कर्मचारियों को अगस्त-2022 से 28 प्रतिशत की दर से डीए का भुगतान किया जा रहा था। वहीं, छठवें वेतनमान वालों को 189 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 14, 2022 09:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).