रायगढ़, पांच जून छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथी के हमले में 17 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के खरसिया वन परिक्षेत्र में बुधवार सुबह जंगली हाथी के हमले में लक्ष्मी नारायण डनसेना की मौत हो गई।
रायगढ़ जिले की वन मंडल अधिकारी स्टाईलो मंडावी ने बताया कि खरसिया रेंज के कुकरीचोली गांव में पुसल्दा-बेहरामुड़ा रेल लाइन के करीब डनसेना का अचानक जंगली हाथी से सामना हो गया।
उन्होंने बताया कि इससे पहले कि डनसेना वहां से भाग पाता जंगली हाथी ने उसे अपने पैरों से कुचल दिया।
मंडावी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के दल को घटनास्थल पर भेजकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY