लखनऊ, 14 जुलाई समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में आठवें चीते की मौत की खबर पर चिंता प्रकट करते हुए आरोप लगाया कि चीतों का राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के बाद कोई ख्याल नहीं रखा गया।
सपा प्रमुख ने शुक्रवार देर शाम ट़्वीट किया, ‘‘ये बेहद दुख का विषय है कि आज कूनो राष्ट्रीय उद्यान में आठवें चीते की मौत की ख़बर आयी है। जिन चीतों के लिए भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) सरकार ने महा-आडम्बर किया था, उनका राजनीतिक शक्ति का प्रदर्शन करने के बाद कोई ख्याल नहीं रखा गया। निंदनीय-चिंतनीय!''
यादव ने इस ट्वीट के साथ चीते का एक वीडियो भी साझा किया है।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में अफ्रीका से लाए गए नर चीता सूरज की शुक्रवार को मौत हो गई। वन अधिकारियों ने भोपाल में यह जानकारी दी।
श्योपुर जिले के इस उद्यान में इस साल मार्च से मरने वाले चीतों की संख्या आठ हो गई है। तीन दिन पहले ही इस उद्यान में अफ्रीका से लाए गए नर चीते तेजस की मौत हो गयी थी।
अधिकारी ने बताया, ‘‘केएनपी में दक्षिण अफ्रीका से लाया गया नर चीता सूरज मृत पाया गया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY