देश की खबरें | केंद्र सड़क परियोजनाओं के लिए रक्षा भूमि सौंपे, मनरेगा भुगतान मुद्दों को हल करे : तेलंगाना

नयी दिल्ली, 29 दिसंबर तेलंगाना सरकार ने विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए रक्षा भूमि राज्य को हस्तांतरित करने की बृहस्पतिवार को केंद्र से मांग की।

तेलंगाना के मुख्य सचिव सोमेश कुमार ने रक्षा सचिव ए. गिरिधर के साथ बैठक के दौरान यह मांग की।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि कुमार ने “रक्षा भूमि से संबंधित काफी समय से लंबित मुद्दों” पर चर्चा की।

उन्होंने एओसी सड़कों को बंद करने के बदले में सेना आयुध कोर (एओसी) केंद्र में वैकल्पिक सड़कों के निर्माण के लिए राज्य सरकार को रक्षा भूमि हस्तांतरित करने का अनुरोध किया।

बयान में कहा गया है कि उन्होंने मेहदीपट्टनम में स्काईवॉक के निर्माण की भी अनुमति मांगी।

कुमार ने केंद्रीय ग्रामीण विकास सचिव शैलेश के. सिंह से भी मुलाकात की और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) से संबंधित भुगतान मुद्दों को हल करने की आवश्यकता पर चर्चा की।

मुख्य सचिव ने कहा कि धान राज्य की एक महत्वपूर्ण फसल है और कटाई के बाद के प्रबंधन में सुधार के लिए तेलंगाना छोटे और सीमांत किसानों को थ्रेसिंग (भूसी निकालने का) मंच प्रदान कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)