मुंबई, दो नवंबर शिवसेना (उद्धव ठाकरे बालासाहेब) गुट के नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कहा कि केवल केंद्र सरकार ही मराठा आरक्षण मुद्दे का समाधान ढूंढ सकती है लेकिन जब महाराष्ट्र जल रहा है तब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं।
राज्यसभा सांसद ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उनके दल का मानना है कि महाराष्ट्र में मराठाओं को आरक्षण दिया जाना चाहिए लेकिन इसके लिए अन्य समुदायों के मौजूदा कोटे से छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए।
राउत ने कहा, ''केवल केंद्र सरकार ही ऐसा (मराठा आरक्षण मुद्दे का हल) कर सकती है लेकिन प्रधानमंत्री मोदी चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। महाराष्ट्र जल रहा है और अमित शाह छत्तीसगढ़ से लेकर मिजोरम तक चुनाव प्रचार कर रहे हैं।''
उन्होंने कहा कि मोदी को मराठा कार्यकर्ता मनोज जरांगे से बात करनी चाहिए जो आरक्षण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।
राउत ने सवाल उठाया, ''लोग आत्महत्या कर रहे हैं। अगर उन्हें (जरांगे) को कुछ हो गया तो महाराष्ट्र जलेगा। क्या आप महाराष्ट्र को जलने देना चाहते हैं।''
उन्होंने कहा कि मराठा समुदाय की मांग को पूरा करना एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार की भी जिम्मेदारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY