देश की खबरें | कोविड-19 की गंभीर स्थिति को देखते हुए केंद्रीय दल जम्मू का दौरा करेगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को कहा कि जम्मू में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर प्रशासन की मदद के लिये केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का एक दल तत्काल वहां भेजा जा रहा है।
नयी दिल्ली, 16 सितंबर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को कहा कि जम्मू में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर प्रशासन की मदद के लिये केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का एक दल तत्काल वहां भेजा जा रहा है।
कार्मिक मामलों के राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि उन्होंने इस संदर्भ में जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की है।
उन्होंने ट्वीट किया, “जम्मू में कोविड-19 की चिंताजनक स्थिति का मामला केंद्रीय गृह मंत्रालय के समक्ष उठाया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का एक विशेष दल तत्काल जम्मू के लिये भेजा जा रहा है जो केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन की सहायता करेगा। इस संदर्भ में उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से भी बात की है।”
सिंह जम्मू-कश्मीर की उधमपुर सीट से लोकसभा सदस्य हैं।
यह भी पढ़े | Coronavirus: भारतीय सेना में बढ़ रहे हैं COVID-19 के मामले, 19 हजार से ज्यादा जवान हुए संक्रमित.
अधिकारियों ने मंगलवार को कहा था कि जम्मू कश्मीर में बीते 24 घंटों के दौरान संक्रमण के कुल 1329 नए मामले सामने आए हैं जिनमें से 741 जम्मू क्षेत्र से और 588 कश्मीर घाटी में मिले हैं।
उन्होंने कहा कि संक्रमण के नए मामलों में सबसे ज्यादा 254 जम्मू जिले से सामने आए जबकि उसके बाद श्रीनगर जिले में 148 मरीज मिले।
अधिकारियों ने बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संबंधित 19 मौत हो चुकी हैं जिनमें से 14 जम्मू क्षेत्र से और पांच घाटी से हैं। इसके साथ ही केंद्र शासित प्रदेश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 914 हो गई है।
अधिकारियों के मुताबिक केंद्र शासित प्रदेश में 18,678 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 37,062 मरीज इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)