ताजा खबरें | दिल्ली की सरकार को शक्तिहीन करने के लिए विधेयक लाया है केंद्र : मान

नयी दिल्ली, 22 मार्च आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने सोमवार को लोकसभा में केंद्र पर राज्यों के अधिकारों का हनन करने और दिल्ली की सरकार को शक्तिहीन करने का आरोप लगाया।

‘दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी राज्यक्षेत्र शासन (संशोधन) विधेयक, 2021’ पर सदन में हुई चर्चा में भाग लेते हुए मान ने कहा कि केंद्र सरकार, राज्यों के अधिकारों का हनन करने में विशेषज्ञता रखती है और कृषि कानूनों को लाने में भी ऐसा ही किया गया।

उन्होंने इस विधेयक को दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार को शक्तिहीन करने वाला बताते हुए कहा कि भाजपा दिल्ली में पिछले कई वर्ष से सत्ता से बाहर है और उसे हार हजम नहीं हो रही।

मान ने कहा कि यह विधेयक ‘गैर-संवैधानिक’ है और इसे वापस लिया जाना चाहिए।

मान ने कहा कि अगर दिल्ली में उप राज्यपाल सरकार चलाएंगे और मुख्यमंत्री कोई फैसला नहीं कर सकता तो दिल्ली में विधानसभा चुनाव कराने का क्या फायदा।

आप सांसद ने कहा कि भाजपा भी पहले अपने घोषणापत्र में दिल्ली को पूर्ण राज्य दिलाने की बात करती थी, लेकिन अब क्या हो गया।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि ‘‘अगर संघवाद से देश नहीं चलेगा तो क्या तानाशाही से चलेगा?’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)