देश की खबरें | बीरभूम मामले में सीबीआई ने पहली गिरफ्तारी की, चार संदिग्धों को मुंबई से पकड़ा

रामपुरहाट (पश्चिम बंगाल), सात अप्रैल केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने बीरभूम हत्याकांड में कथित संलिप्तता के मामले में बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के चार नागरिकों को मुंबई से गिरफ्तार किया। एजेंसी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सीबीआई ने बोगतुई गांव में 21 मार्च को लोगों की हत्या के मामले में कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश पर जांच संभालने के बाद मामले में पहली गिरफ्तारियां की हैं।

चारों आरोपी हत्याओं के फौरन बाद बोगतुई से मुंबई भाग गये थे और उन्हें बृहस्पतिवार तड़के उनके ठिकानों से पकड़ा गया।

अधिकारी ने बताया, ‘‘चार गिरफ्तार आरोपियों में से दो के नाम हत्याओं के सिलसिले में दर्ज प्राथमिकी में हैं जिनकी पहचान बप्पा और शाबू शेख के रूप में की गयी है। हम उन्हें मुंबई की एक अदालत में पेश करेंगे और पश्चिम बंगाल ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड का अनुरोध करेंगे।’’

तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता भादू शेख की हत्या के कुछ घंटे बाद हमलावरों ने कुछ गांवों में घरों में बम फेंककर आग लगा दी थी जिनमें आठ लोग जिंदा जल गये और एक घायल की बाद में मौत हो गयी।

पहले मामले की जांच राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रहा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)