अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), 28 अप्रैल शहर पुलिस ने पिछले सप्ताह ईद पर निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर पुराने शहर में दो मस्जिदों के बाहर खुली जगहों पर नमाज अदा करने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 21 और 22 अप्रैल की है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) कुलदीप सिंह गुणावत ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि मौलानाओं ने जिला प्रशासन को आश्वासन दिया था कि निषेधाज्ञा का कोई उल्लंघन नहीं होगा और किसी को भी मस्जिदों के बाहर सड़कों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अधिकारी ने कहा, "इस तरह के आश्वासन के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने दिल्ली गेट थाने के ईदगाह मैदान और कोतवाली पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाली एक अन्य मस्जिद के बाहर सड़क पर नमाज अदा की।"
उन्होंने बताया कि इस वजह से निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने और सड़क पर नमाज पढ़ने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ भादस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी 26 अप्रैल को दर्ज की गई।
सड़कों पर आयोजित प्रार्थना/नमाज में भाग लेने वालों की पहचान करने के लिए पुलिस उस दिन के वीडियो फुटेज की समीक्षा कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY