देश की खबरें | कलेक्टर के साथ अभद्र व्यवहार करने पर, बसपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज

दमोह, एक अक्टूबर मध्यप्रदेश के दमोह जिले के कलेक्टर ने बसपा विधायक रामबाई परिहार के खिलाफ गाली-गलौज करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिव कुमार सिंह ने शनिवार को कहा कि दमोह जिले के पथरिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक रामबाई परिहार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 353 (लोक सेवक को कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल प्रयोग), 186 (सार्वजनिक कार्यों के निर्वहन में लोक सेवक को बाधित करना), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 294 (अश्लील शब्द) और धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत के अनुसार घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब विधायक ने अपने निर्वाचन क्षेत्र की कुछ महिलाओं के साथ कुछ स्थानीय मुद्दों पर शिकायतों लेकर कलेक्टर से मुलाकात की।

इसमें कहा गया है कि इस दौरान रामबाई ने कलेक्टर के साथ बदसलूकी की और उनके खिलाफ अभद्र और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया। इसके बाद घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

इस बीच, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के कुछ संगठनों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर घटना का विरोध किया और चेतावनी दी कि यदि बसपा विधायक को सात दिनों के भीतर गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे यहां एक व्यापक विरोध आंदोलन शुरु करेंगे।

एक पुलिस अधिकारी ने संपर्क करने पर कहा कि रामबाई के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले उन्हें मध्य प्रदेश विधानसभा से अनुमति लेनी होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)