देश की खबरें | खरगे को धमकाने के मामले में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के भाजपा प्रत्याशी मणिकांत राठौड़ के खिलाफ मामला दर्ज

जयपुर, आठ मई भाजपा नेताओं द्वारा कथित रूप से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के कुछ दिन बाद राजस्थान कांग्रेस के एक नेता ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ और राजस्थान में मौजूदा भाजपा विधायक मदन दिलावर और अन्य के खिलाफ जयपुर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई। संजय सर्किल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

राजस्थान पुलिस के अनुसार कांग्रेस के प्रदेश सचिव राम सिंह कस्वां ने कर्नाटक के चित्तापुर से भाजपा प्रत्याशी मणिकांत राठौड़ और राजस्थान के रामगंज मंडी विधानसभा क्षेत्र के विधायक मदन दिलावर तथा अन्‍य के खिलाफ भारतीय दं‍ड संहिता की धारा 302 (हत्या), 506 (आपराधिक धमकी) और अनसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है।

सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) नरेंद्र कुमार ने बताया, "कांग्रेस पार्टी के एक पदाधिकारी ने भाजपा के दो नेताओं और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों में से एक मदन दिलावर मौजूदा विधायक हैं और इस मामले की जांच सीआईडी-सीबी द्वारा की जाएगी।’’

कुमार मामले के जांच अधिकारी भी है। कस्‍वां की ओर से दर्ज प्राथमिकी के अनुसार दोनों आरोपियों ने भय का माहौल बनाने और दुश्मनी, जातिगत हिंसा फैलाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि अपराध करना जरूरी नहीं है, साजिश रचना भी काफी है।

हाल ही में कर्नाटक के चित्तापुर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ की एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई थी, जिसमें उन्हें कथित तौर पर कन्नड़ में यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वह 'खरगे, उनकी पत्नी और बच्चों का सफाया कर देंगे।'

वहीं, विधायक मदन दिलावर ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कथित तौर पर 'जहरीला सांप' करार देने पर प्रतिक्रिया दी थी।

दिलावर ने कहा था कि ‘‘कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष 80 साल के हो गए हैं। भगवान उन्हें कभी भी उठा सकते हैं, लेकिन वे भगवान से प्रार्थना करेंगे कि कम से कम 200 साल तक उन्हें न उठाएं।’’

कुंज पृथ्वी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)