चंडीगढ़, 19 दिसंबर पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने मंगलवार को कहा कि उसने 2008-2009 में 312 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं के लिए पंजाब लोक सेवा आयोग (पीपीएससी) के एक पूर्व अध्यक्ष और पांच पूर्व सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शुतराणा के पूर्व विधायक और पीपीएससी के पूर्व सदस्य सतवंत सिंह मोही को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
छह आरोपियों में से, पीपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एस.के. सिन्हा और पूर्व सदस्य डी.एस. ग्रेवाल की मृत्यु हो चुकी है।
पंजाब सतर्कता ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने कहा कि तीन अन्य आरोपियों में डी.एस. महल, पूर्व मंत्री लाल सिंह की बहू रविंदर कौर और भाजपा की पंजाब इकाई के प्रवक्ता अनिल सरीन शामिल हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि मामला विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच रिपोर्ट के आधार पर दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने पीपीएससी द्वारा 312 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती के दौरान की गई कथित अनियमितताओं को चुनौती देने वाली रिट याचिकाओं का निपटारा करते हुए नवंबर 2013 में मामले की जांच के लिए एसआईटी के गठन का आदेश दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY