एजेंसी न्यूज

Mussoorie Road Accident: मसूरी घूमने जा रहे पर्यटकों की कार खाई में गिरी, दो की मौत

देहरादून से सटे मसूरी में एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार दो पर्यटकों की मौत हो गयी तथा चार अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी.

Mussoorie Road Accident: मसूरी घूमने जा रहे पर्यटकों की कार खाई में गिरी, दो की मौत
(Photo Credits ANI)

देहरादून, 13 सितंबर : देहरादून से सटे मसूरी में एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार दो पर्यटकों की मौत हो गयी तथा चार अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना सुबह पांच बजे देहरादून-मसूरी मार्ग पर कुठालगेट और कोल्हूखेत के बीच ऋषि आश्रम के पास शिवालिक मैगी प्वाइंट मोड़ पर हुई, जहां कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी.

उन्होंने बताया कि कार में छह लोग सवार थे और सभी उत्तर प्रदेश से आए थे. हादसे के बाद इनमें से तीन कार से सुरक्षित बाहर निकलकर सड़क तक पहुंचने में सफल रहे जबकि अन्य कार में ही फंसे रहे. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को कार के अंदर दो शव बरामद हुए जबकि अन्य घायल व्यक्ति को कार से बाहर निकाला गया. घटना के बाद सड़क तक स्वयं पहुंचे लोगों को भी मामूली चोट आयी हैं. चारों घायलों को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह भी पढ़ें : दिल्ली के नबी करीम इलाके में दरगाह की दीवार ढहने से एक की मौत दो लोग घायल

कार में सवार लोग नोएडा से मसूरी घूमने जा रहे थे. मृतकों की पहचान नोएडा के सेक्टर 134 निवासी 32 वर्षीय अनिल कुमार (चालक) और बुलंदशहर निवासी अजय (31) के रूप में हुई है जबकि घायलों में अनिल कुमार का भाई गुल्लू (29), नोएडा के सेक्टर 135 का रहने वाला राजू (30), नोएडा के सेक्टर 134 में रहने वाला सुभाष (27) और बुलंदशहर के ढकोली का रहने वाला मोनू (28) शामिल हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 13, 2024 01:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).