देश की खबरें | कर्नाटक के विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया
जियो

बेंगलुरु, 18 जून कर्नाटक में 29 जून को होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को तीन प्रमुख दलों के उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के लिए 18 जून आखिरी तारीख थी।

विधान परिषद की सात सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए भाजपा ने चार उम्मीदवार, कांग्रेस ने दो और जनता दल (एस) ने एक उम्मीदवार मैदान में उतारा है, जिन्हें विधायकों द्वारा चुना जाएगा।

यह भी पढ़े | कोरोना के नेपाल में पिछले 24 घंटे में 671 नए मरीज पाए गए: 18 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

विधान परिषद के सात सदस्यों नसीर अहमद, जयम्मा, एमसी वेणुगोपाल, एनएस बोस राजू, एचएम रेवन्ना (सभी कांग्रेस), टीए सर्वणा (जदएस) और निर्दलीय डीयू मल्लिकार्जुन का कार्यकाल 30 जून को समाप्त होने जा रहा है।

विधानसभा में इनकी संख्या के आधार पर, भाजपा चार सीट, कांग्रेस दो सीट और जदएस एक सीट पर जीत दर्ज कर सकती है।

यह भी पढ़े | वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की बड़ी घोषणा, छह राज्यों के 116 जिलों के श्रमिकों मजदूरों को उनके गांव में ही मिलेगा रोजगार.

हर उम्मीदवार को जीत हासिल करने के लिए विधायकों के 28 वैध मतों की आवश्यकता है।

भाजपा की ओर से एमटीबी नागराज, आर शंकर, सुनिल वल्लयापुरे और प्रताप सिम्हा नायक ने बृहस्पतिवार को नामाकंन दाखिल किया।

इसी तरह, कांग्रेस की ओर से पार्टी के वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद और नसीर अहमद ने नामांकन दाखिल किया।

वहीं, टीए सर्वणा ने जदएस की ओर से नामांकन किया।

नामांकन की जांच शुक्रवार को होगी जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 22 जून है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)