नयी दिल्ली, 17 जून दिल्ली में राजेंद्र नगर सीट पर विधानसभा उपचुनाव के लिए जारी प्रचार अभियान के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार शाम को रोडशो किया और इस दौरान कई महिलाएं और बच्चे बालकनी में ‘झाड़ू’ लहराते नजर आये तथा वातावरण ‘रंग दे बसंती चोला’ गीत से गूंज उठा।
आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से दुर्गेश पाठक मैदान में हैं, जिसका चुनाव चिन्ह ‘झाड़ू’ है।
रैगरपुरा इलाके में आयोजित रोडशो के दौरान राजेंद्र नगर सीट से पूर्व विधायक और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने पहुंचे।
केजरीवाल ने रोडशो के दौरान एकत्र लोगों से कहा कि अगर वे विकास देखना चाहते हैं तो ‘झाड़ू’ को वोट दें और ‘‘अगर वे झगड़ा देखना चाहते हैं तो अन्य पार्टी को वोट दें।’’
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता हाथों में केजरीवाल और पाठक की तस्वीरें वाले पोस्टर लहरा रहे थे, जिन पर लिखा था, ‘‘केजरीवाल की सरकार, केजरीवाल का विधायक।’’
रोडशो के दौरान अलग-अलग स्थानों से स्थानीय लोग भी इसमें शामिल होते गए।
राघव चड्ढा के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दिया, जिससे इस सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी।
रोडशो में शामिल राघव चड्ढा ने पीटीआई- से कहा, ‘‘दिल्लीवासी अब 1+1 ऑफर का फायदा उठाने जा रहे हैं। अब उन्हें एक सांसद मिला है और अब इस सीट से जल्द ही एक विधायक भी मिलने जा रहा है। हमारी सबसे बड़ी मजबूती अरविंद केजरीवाल हैं और इस सीट पर भाजपा के लिए कोई मौका नहीं है। आप इस चुनाव में जीतने जा रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY