एजेंसी न्यूज

आईटी में खरीदारी से शेयर बाजार में रौनक लौटी, सेंसेक्स 567 अंक उछला

मजबूत वैश्विक रुझानों के बीच इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयरों में तेजी आने से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में रौनक लौट आई.

आईटी में खरीदारी से शेयर बाजार में रौनक लौटी, सेंसेक्स 567 अंक उछला
Bombay Stock Exchange | PTI

मुंबई, 22 जनवरी : मजबूत वैश्विक रुझानों के बीच इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयरों में तेजी आने से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में रौनक लौट आई. सेंसेक्स करीब 567 अंक उछल गया जबकि निफ्टी ने एक बार फिर 23,150 के स्तर को हासिल कर लिया. बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 566.63 अंक यानी 0.75 प्रतिशत बढ़कर 76,404.99 पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 624.77 अंक चढ़कर 76,463.13 के स्तर तक पहुंच गया था. इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी 130.70 अंक यानी 0.57 प्रतिशत चढ़कर 23,155.35 पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 144.9 अंक बढ़कर 23,169.55 पर पहुंच गया था.

इसके साथ ही घरेलू शेयर बाजारों ने पिछले कारोबारी सत्र की भारी गिरावट से पुरजोर वापसी की. मंगलवार को सेंसेक्स 1,235.08 अंक टूटकर सात महीनों के निचले स्तर 75,838.36 और निफ्टी 320.10 अंक गिरकर 23,024.65 पर बंद हुआ था. बुधवार को सेंसेक्स के समूह में शामिल शेयरों में से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी इन्फोसिस ने सर्वाधिक 3.16 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की. उसके अलावा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में 2.97 प्रतिशत और टेक महिंद्रा में 2.28 प्रतिशत की तेजी रही. इनके अलावा सन फार्मास्युटिकल, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए. दूसरी तरफ टाटा मोटर्स के शेयरों में सर्वाधिक 2.24 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. इसके साथ पावरग्रिड, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी, टाटा स्टील और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में भी गिरावट रही. यह भी पढ़ें : Mahakumbh 2025: मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर 150 से अधिक विशेष ट्रेन चलेंगी

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "निजी क्षेत्र के एक प्रमुख बैंक के उम्मीद से बेहतर नतीजों से अस्थिरता के बीच सूचकांकों में तेजी आई. सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र हाल के नुकसान से उबरने में सफल रहा." नायर ने कहा कि इस तेजी के बीच मझोली एवं छोटी कंपनियों के उच्च मूल्यांकन से जुड़ी चिंताओं के कारण उनका कमजोर प्रदर्शन जारी रहा. छोटी कंपनियों से संबंधित बीएसई स्मालकैप सूचकांक में 1.56 प्रतिशत और मझोली कंपनियों से जुड़ा मिडकैप सूचकांक में 1.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. मानक सूचकांकों में बढ़ोतरी के बावजूद बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों में से 2,802 नुकसान में रहीं जबकि 1,142 शेयरों में तेजी रही और 115 अन्य अपरिवर्तित रहे. क्षेत्रवार सूचकांकों में केंद्रित आईटी खंड में 2.19 प्रतिशत और आईटी खंड में 1.88 प्रतिशत की तेजी रही जबकि रियल्टी खंड में 4.53 प्रतिशत की तगड़ी गिरावट रही.

इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण सेवा कंपनी साएंट डीएलएम के शेयरों में 13.55 प्रतिशत की भारी गिरावट देखी गई. दिसंबर तिमाही के लाभ में कमी आने से इसके शेयरों में बिकवाली हावी रही. एशिया के अन्य़ बाजारों में जापान का निक्की एवं दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त के साथ बंद हुए जबकि हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट में रहे. यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे. अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे. अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.49 प्रतिशत बढ़कर 79.68 डॉलर प्रति बैरल पर रहा विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 5,920.28 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 22, 2025 06:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).