देश की खबरें | उत्तरकाशी में व्यापारियों ने राज्य सरकार का पुतला फूंका

उत्तरकाशी, एक सितंबर उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर आपदाग्रस्त क्षेत्र में उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार का पुतला फूंका।

बस अड्डे पर शुक्रवार को आयोजित प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने जुलूस भी निकाला तथा जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक ज्ञापन सौंपकर उत्पीड़न की कार्रवाई तुरंत रोके जाने की मांग की ।

उत्तरकाशी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग, लिंक मार्गों समेत वन भूमि से अतिक्रमण हटाने और चिन्हीकरण का कार्य लगातार जारी है।

उत्तरकाशी व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुभाष बडोनी ने कहा, 'पिछले माह जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश के कारण आई आपदा से पहले से ही जूझ रहे लाखों लोग अब अतिक्रमण विरोधी अभियान से प्रभावित हो रहे हैं तथा लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्हें राज्य सरकार से राहत चाहिए।'

उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल को राष्ट्रीय राजमार्ग एवं राज्य राजमार्गों से अतिक्रमण हटाए जाने से कोई आपत्ति नहीं है लेकिन बाकी जगहों को छोड़ दिया जाना चाहिए ।

इस संबंध में एक समाधान सुझाते हुए बडोनी ने कहा कि जहां लोग रह रहे हैं, राज्य सरकार उसे उन्हीं लोगों को सरकारी दर पर बेच दे, ताकि सरकार को राजस्व मिल जाए और लोगों के भविष्य की असुरक्षा भी समाप्त हो जाए।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि मैदानी क्षेत्रों में बड़े अतिक्रमण को छोड़ राज्य सरकार पहाड़ी क्षेत्र में गरीबों के निर्माण ध्वस्त कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)