जरुरी जानकारी | कारोबार को लेकर भरोसा पहले से बेहतर: एनसीएईआर

नयी दिल्ली, 23 जनवरी देश में कारोबार को लेकर भरोसा महामारी-पूर्व (2019-20) और उसके बाद के महामारी के वर्षों के निचले स्तर से बेहतर हुआ है। हालांकि, धारणा चालू वित्त वर्ष की तीन तिमाहियों में बीते वित्त वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले नरम बनी हुई है। आर्थिक शोध संस्थान नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लॉयड इकनॉमिक रिसर्च (एनसीएईआर) ने यह कहा।

एनसीएईआर-एनएसई कारोबार भरोसा सूचकांक (बीसीआई) 2022-23 की तीसरी तिमाही में बढ़कर 126.6 रहा जो एक साल पहले इसी तिमाही में 124.4 था।

इसमें कहा गया है, ‘‘हालांकि 2022-23 की पहली, दूसरी और तीसरी तिमाही में धारणा लगातार नरम बनी रही।’’

शोध संस्थान ने कहा कि वृहद आर्थिक स्थिति को लेकर धारणा 2022-23 की तीसरी तिमाही में इससे पिछली दूसरी तिमाही की तुलना में उत्साहजनक रही।

एनसीएईआर ने दिसंबर, 2022 में कारोबार उम्मीद को लेकर सर्वे (बीईएस) का 123वां दौर दिसंबर, 2022 में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के समर्थन से किया।

शोध संस्थान हर तिमाही बीईएस सर्वे 1991 से कर रहा है। इसमें चार क्षेत्रों की 500 कंपनियों को शामिल किया जाता है।

सर्वे में आर्थिक स्थिति को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली और यह पिछले सर्वे से अधिक है। इसके अनुसार अगले छह महीने में आर्थिक मोर्चे पर स्थिति सुधरेगी। इसमें निवेश को लेकर मौजूदा परिवेश सकारात्मक होने की भी बात कही गयी है।

वहीं दूसरी तरफ कंपनियों की अपनी स्थिति को लेकर धारणा दो तिमाहियों के बीच नरम हुई है।

सर्वे के अनुसार, कंपनियों की वित्तीय स्थिति अगले छह महीने में बेहतर होगी और मौजूदा क्षमता उपयोग अनुकूलतम स्तर के करीब या उससे ऊपर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)