रायपुर, एक फरवरी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को पेश केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए इसे भारत के सुनहरे भविष्य का दस्तावेज करार दिया।
रायपुर में संवाददाताओं से मुखातिब साय ने दावा किया कि यह बजट देश के हर नागरिक के सपनों को साकार करता है और मध्यम एवं मजदूर वर्गों के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा, “आज पेश केंद्रीय बजट 2025-26 के जरिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस वचन को फिर से पूरा किया गया है कि जिन्हें कोई नहीं पूछता, उन्हें मोदी जी पूछते हैं। समाज के मध्यम और श्रमिक वर्गों के उत्थान के लिए यह बजट ऐतिहासिक है। यह भारत के सुनहरे भविष्य का दस्तावेज है। यह स्वतंत्र भारत के इतिहास के चंद ऐतिहासिक बजट में से एक है।”
साय ने कहा, “मोदी सरकार ने करदाताओं और मध्यम वर्ग का सम्मान करते हुए एक ऐसा निर्णय लिया है, जिसकी कल्पना भी नहीं की गई होगी। कांग्रेस की सरकार में जहां सालाना दो लाख रुपये की आय पर कर लगता था, वहीं मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार में सालाना 12 लाख रुपये तक की आय पर कोई कर नहीं लगेगा। यह देश-प्रदेश के करोड़ों मध्यमवर्गीय परिवारों को सीधा लाभ पहुंचाने वाला फैसला है।”
उन्होंने कहा, “मोदी सरकार ने इस बजट में किसानों के उत्थान के लिए दूरगामी नीतियां बनाई हैं। बजट में किसान क्रेडिट कार्ड ऋण की सीमा तीन लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने का निर्णय किसानों की तरक्की के लिए मील का पत्थर साबित होगा।”
साय ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी क्रांतिकारी फैसले लिए गए हैं, जिनमें देशभर में 200 डे-केयर कैंसर केंद्र स्थापित और 36 जीवनरक्षक दवाओं को कर से छूट देना शामिल है।
उन्होंने कहा, “यह बजट देश के किसानों, युवाओं, महिलाओं को समर्पित बजट है। इसके लिए मैं तीन करोड़ प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताना चाहूंगा।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY