देश की खबरें | पशु तस्करी मामले में बीएसएफ कमांडेंट गिरफ्तार :सीबीआई सूत्र
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कोलकाता, 17 नवंबर पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा पर चल रही पशु तस्करी में कथित संलिप्तता को लेकर सीबीआई ने मंगलवार को बीएसएफ के एक कमांडेंट को गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।

छत्तीसगढ़ के रायपुर में पदस्थ सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कमांडेंट सतीश कुमार को सीबीआई ने मामले में पूछताछ के लिए कोलकाता तलब किया था और कई घंटे की पूछताछ के बाद सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़े | PIB फैक्ट चेक ने लद्दाख में चीन द्वारा माइक्रोवेव हथियारों के उपयोग की खबरों को बताया फेक: 17 नवंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

सीबीआई के सूत्र ने कहा, ‘‘सतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो महीने पहले उनके खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया था। उन्हें कल एक अदालत में पेश किया जाएगा।’’

सितंबर में सीबीआई अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पशु तस्करी के मामले में कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में छापे मारे थे। उस समय बीएसएफ कमांडेंट के घर पर भी छापा मारा गया था।

यह भी पढ़े | Chhath Puja 2020: मुंबई में समुद्र के तट, नदी और तालाबों के पास छठ पूजा मनाने पर रोक, BMC ने कोरोना महामारी को लेकर लिया फैसला.

सूत्रों ने कहा कि बीएसएफ के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर में 36वीं बटालियन के कमांडेंट रहे कुमार और तीन अन्य पर पशु तस्करी के सिलसिले में मामला दर्ज किया गया था।

इस बारे में जब दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के एक वरिष्ठ बीएसएफ अधिकारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा, ‘‘कुमार को तीन साल पहले 36वीं बटालियन से स्थानांतरित किया गया था। अब वह रायपुर, छत्तीसगढ़ के नक्सली इलाके में तैनात हैं।’’

कुमार के साथ इस मामले में इनामुल हक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

सीबीआई ने छह नवंबर को नयी दिल्ली में हक को गिरफ्तार किया था। दिल्ली की एक अदालत ने उसे अंतरिम जमानत दी और नौ नवंबर को कोलकाता में सीबीआई के समक्ष पेश होने को कहा था।

वह एजेंसी के दफ्तर पहुंचा और दावा किया कि उसे कोविड-19 संक्रमण का संदेह है, जिसके बाद अधिकारियों ने उसे 24 नवंबर को आने को कहा।

हक को इससे पहले सीबीआई ने 2018 में कथित तौर पर बीएसएफ के एक और कमांडेंट को रिश्वत देने के मामले में गिरफ्तार किया था और वह मामले में जमानत पर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)