नयी दिल्ली, छह जून चीन और ईरान सहित ब्रिक्स संसदीय मंच ने पिछले महीने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की शुक्रवार को एक सुर में निंदा की और इस बुराई के खिलाफ मिलकर लड़ने का संकल्प लिया।
ब्रिक्स संसदीय फोरम का 11वां सम्मेलन 4-5 जून 2025 को ब्रासीलिया में आयोजित किया गया था और भारत सहित 10 सदस्य देशों की संसदों के प्रतिनिधियों ने इसमें हिस्सा लिया।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया और इस दौरान आतंकियों के वित्त पोषण को रोकने, खुफिया जानकारी साझा करने, आधुनिक प्रौद्योगिकियों के दुरुपयोग को रोकने तथा जांच और न्यायिक प्रक्रियाओं में सहयोग करने के मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाया।
लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक ‘‘भारत द्वारा विभिन्न मुद्दों पर प्रस्तुत दृष्टिकोण को सभी देशों ने सराहा और उसे सर्वसम्मति से अंतिम संयुक्त घोषणा में शामिल किया। विशेष रूप से, आतंकवाद के मुद्दे पर भारत की निर्णायक नीति को गंभीरता से स्वीकार किया गया। भारत ने आतंकवादी हमलों की स्पष्ट और कड़ी निंदा की, और आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति को अपनाने की आवश्यकता को जोरदार ढंग से रखा।’’
इसमें कहा गया, ‘‘ संयुक्त घोषणा में भारत के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की गई, और यह सहमति बनी कि सभी ब्रिक्स देशों की सभी संसद आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करेंगी।’’
बयान के मुताबिक भारत की नीति और नेतृत्व को मंच पर विशेष रूप से सराहा गया, और ब्रिक्स संसदों द्वारा यह स्वीकार किया गया कि वैश्विक शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सभी राष्ट्रों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
लोकसभा सचिवालय के मुताबिक सम्मेलन में बिरला ने विभिन्न विषयों - विशेष रूप से आतंकवाद के विरुद्ध वैश्विक सहयोग, न्यायोचित और संतुलित वैश्विक व्यवस्था, तकनीकी नवाचारों में सहभागिता तथा लोकतांत्रिक आदान-प्रदान - पर भारत की स्पष्ट और सशक्त भूमिका को प्रभावी तरीके से रखा।
सम्मेलन के अंत में 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच की मेजबानी भारत को सौंपी गई, और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंच की अध्यक्षता ग्रहण की।
इस वर्ष ब्रिक्स संसदीय मंच में हिस्सा लेने वाले देशों में भारत, ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र, इथियोपिया और इंडोनेशिया शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY