देश की खबरें | ब्रैडमैन के रिकार्ड जो बल्लेबाजों के लिये बने रहे सपना
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

(धर्मेन्द्र पंत)

नयी दिल्ली, 27 अगस्त जब सर डॉन ब्रैडमैन की बात आती है तो सभी के जेहन में उनका 99.94 का टेस्ट औसत तैरने लग जाता है लेकिन इस आस्ट्रेलियाई दिग्गज के नाम पर कई अन्य ऐसे टेस्ट रिकार्ड हैं जो पिछले सात दशक से भी अधिक समय से अछूते बने हुए हैं।

यह भी पढ़े | मध्यप्रदेश में उप-चुनाव राज्य के भविष्य का चुनाव: पूर्व CM कमल नाथ.

ब्रैडमैन का जन्म आज से ठीक 112 साल पहले 27 अगस्त 1908 को न्यू साउथ वेल्स के कूटामुंद्रा में हुआ था। उन्होंने 52 टेस्ट मैचों में 6996 रन बनाये और अगर वह अपनी करियर की अंतिम पारी में शून्य पर आउट होने के बजाय चार रन भी बना लेते तो उनका औसत 100 पहुंच जाता।

बहरहाल ब्रैडमैन का औसत दुनिया भर के बल्लेबाजों के लिये सपना ही बना रहा है। अगर आंकड़ों पर गौर करें तो कम से कम 20 पारियां खेलने वाले बल्लेबाजों में सर्वाधिक औसत के मामले में ब्रैडमैन के बाद आस्ट्रेलिया के ही मार्कस लाबुशेन का नंबर आता है जिनका औसत अभी 63.43 की औसत से रन बनाये हैं। लाबुशेन अभी खेल रहे हैं और उनके औसत में परिवर्तन हो सकता है।

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश ने यात्रियों के लिए बदले क्वारंटीन के नियम, भारतीय यात्रियों को भी COVID-19 प्रोटोकॉल में दी छूट.

किसी एक श्रृंखला में सर्वाधिक रन बनाने का रिकार्ड भी ब्रैडमैन के नाम पर है। उन्होंने 1930 में इंग्लैंड के खिलाफ उसकी सरजमीं पर पांच मैचों में 974 रन बनाये थे। उन्होंने तब वॉली हैमंड (आस्ट्रेलिया के खिलाफ 1928-29 में 905 रन) का रिकार्ड तोड़ा था।

कप्तान के रूप में एक श्रृंखला में सर्वाधिक रन बनाने का रिकार्ड भी ब्रैडमैन के नाम पर है। उन्होंने 1936-37 में इंग्लैंड के खिलाफ 810 रन बनाये थे। इंग्लैंड के ग्राहम गूच 1990 में भारत के खिलाफ तीन मैचों में 752 रन बनाकर इसके करीब पहुंचे थे। यह श्रृंखला अगर पांच मैचों की होती तो गूच संभवत: यह रिकार्ड तोड़ सकते थे।

किसी एक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सर्वाधिक रन और शतक लगाने का रिकार्ड भी ब्रैडमैन के नाम पर है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 37 टेस्ट में 5028 रन बनाये हैं जिसमें 19 शतक शामिल हैं। रन बनाने के मामले में उनके बाद जैक हॉब्स (आस्ट्रेलिया के खिलाफ 3636) और सचिन तेंदुलकर (आस्ट्रेलिया के खिलाफ 3630) तथा शतकों के मामले में सुनील गावस्कर (वेस्टइंडीज के खिलाफ 13 शतक) का नंबर आता है।

टेस्ट क्रिकेट में एक दिन में सर्वाधिक रन बनाने का रिकार्ड भी ब्रैडमैन के नाम पर है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 1930 में लीड्स टेस्ट में एक दिन में 309 रन ठोक दिये थे। हैमंड (न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में 1933 में 295) और वीरेंद्र सहवाग (श्रीलंका के खिलाफ 2009 में मुंबई में 284) ही उनके करीब पहुंच पाये।

ब्रैडमैन का सर्वाधिक टेस्ट शतकों का रिकार्ड तो वर्षों पहले गावस्कर ने तोड़ दिया था लेकिन सर्वाधिक दोहरे शतक (12) का रिकार्ड अब भी उनके नाम पर है। कुमार संगकारा (11) दूसरे नंबर है। वर्तमान बल्लेबाजों में विराट कोहली (सात) ब्रैडमैन के रिकार्ड तक पहुंच सकते हैं। ब्रैडमैन के नाम पर दो तिहरे शतक भी दर्ज हैं जबकि एक बार वह 299 रन बनाकर नाबाद रहे थे।

यही नहीं सबसे कम पारियों में 2000 (22 पारियां), 3000 (33), 4000 (48), 5000 (56) और 6000 (68) टेस्ट रन बनाने का रिकार्ड भी ब्रैडमैन के नाम पर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)