देश की खबरें | रिहाना के ट्वीट को लेकर बॉलीवुड में मतभेद, अक्षय कुमार समेत बड़ी हस्तियों की प्रतिक्रिया पर उठे सवाल

मुंबई, चार फरवरी बॉलीवुड हस्तियों के एक वर्ग ने किसान आंदोलन को लेकर पॉप स्टार रिहाना के ट्वीट पर अक्षय कुमार और अजय देवगन जैसे बड़े फिल्मी सितारों की प्रतिक्रिया की बृहस्पतिवार को आलोचना की ।

अभिनेत्री तापसी पन्नू, फिल्मकार ओनिर, अभिनेता अर्जुन माथुर और अन्य ने बड़े सितारों द्वारा सरकार का पक्ष लिये जाने की निंदा की।

ट्विटर पर 10 करोड़ फॉलोवर के साथ दुनिया में चौथी सबसे अधिक फॉलो की जाने वाली हस्ती रिहाना ने मंगलवार को ट्विटर पर किसान आंदोलन से संबंधित सीएनएन की एक खबर साझा करते हुए लिखा था, ''हम इस बारे में बात क्यों नहीं कर रहे?''

रिहाना के ट्वीट के बाद स्वीडन की पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग, वकील तथा अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की भांजी मीना हैरिस, अभिनेत्री अमांडा सेरनी, गायकों जे सिएन, डॉक्टर जियूस और पूर्व पॉर्न स्टार मिया खलीफा ने प्रदर्शनकारी किसानों के समर्थन में आवाज उठाई थी।

भारत ने इन ट्वीट पर बुधवार को कड़ी प्रतिक्रिया दी थी, जिसका बॉलीवुड और क्रिकेट जगत की हस्तियों के साथ-साथ शीर्ष मंत्रियों ने भी समर्थन किया था।

विदेश मंत्रालय ने कहा था कि कुछ निहित स्वार्थी समूह प्रदर्शनों पर अपना एजेंडा थोपने का प्रयास कर रहे हैं और संसद में पूरी चर्चा के बाद पारित कृषि सुधारों के बारे में देश के कुछ हिस्सों में किसानों के बहुत ही छोटे वर्ग को कुछ आपत्तियां हैं।

पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, क्रिकेटर विराट कोहली, गायिका लता मंगेशकर, अभिनेता अक्षय कुमार और अजय देवगन तथा फिल्मकार करण जौहर तथा अन्य ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया हैशटैग 'इंडिया टुगेदर' और 'इंडिया अगेंस्ट प्रोपगैंडा' का इस्तेमाल कर विदेश मंत्रालय के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरकार के प्रति एकजुटता प्रकट की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)