देश की खबरें | बीएमडब्ल्यू मामला: शिंदे ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने का आश्वासन दिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि बीएमडब्ल्यू ‘हिट-एंड-रन’ मामले में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा उन्होंने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
मुंबई, 10 जुलाई महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि बीएमडब्ल्यू ‘हिट-एंड-रन’ मामले में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा उन्होंने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
शिंदे का यह बयान उन आलोचनाओं के बीच आया है कि इस मामले में मुख्य आरोपी उनकी पार्टी के नेता का बेटा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी का समर्थन करने का सवाल ही नहीं उठता और किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा।
शिंदे ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। हम पीड़ित परिवार को कानूनी और वित्तीय सहायता प्रदान करेंगे। हम उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपए देंगे। वे हमारे परिवार से हैं।’’
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मिहिर बीएमडब्ल्यू कार चला रहा था और उसने रविवार सुबह दक्षिण-मध्य मुंबई के वर्ली इलाके में एक दोपहिया वाहन को कथित तौर पर टक्कर मार दी, जिससे कावेरी नखवा (45) की मौत हो गई थी जबकि उनके पति प्रदीप घायल हो गए।
मिहिर के पिता राजेश शाह पालघर जिले से शिवसेना के नेता हैं। पार्टी ने बुधवार को राजेश शाह को उपनेता पद से बर्खास्त कर दिया।
पुलिस ने सोमवार को अदालत में सीसीटीवी फुटेज पेश किए जिसमें दुर्घटना का भयावह विवरण सामने आया।
फुटेज में दिखाई दिया कि टक्कर मारने के बाद कार कावेरी नखवा को लगभग 1.5 किलोमीटर तक घसीटते ले गई और उसके बाद मिहिर ने कार रोकी। उसने सीट पर अपने चालक को बैठा दिया और दूसरे वाहन से भाग गया।
मिहिर शाह को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था।
राजेश शाह को पार्टी से बर्खास्त करने में हो रही देरी के बारे में पूछे जाने पर शिंदे ने कहा, ‘‘क्या उन्हें पार्टी से बर्खास्त करने को प्राथमिकता दी जानी चाहिए या आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए या परिवार को सहायता प्रदान की जानी चाहिए? सरकार किसी का समर्थन नहीं करेगी। इस मामले में कार्रवाई हो चुकी है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 10, 2024 04:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

