जयपुर, 18 जुलाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने अजमेर में राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) कार्यालय के पास मंगलवार को प्रदर्शन किया।
‘‘युवा आक्रोश महा घेराव प्रदर्शन’’ के लिए इकट्ठा हुए भाजयुमो कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और पुलिस ने हल्का बल करके उन्हें पीछे धकेल दिया।
आयोग के कार्यालय के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। बैरिकेड पर चढ़कर उसे पार करने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके पीछे धकेल दिया।
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने ट्वीट करके कहा, ‘‘राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने भाजयुमो के विरोध को सबसे अलोकतांत्रिक तरीके से दबा दिया है।’’
उन्होंने ट्वीट में दावा किया, ‘‘हमारे कार्यकर्ताओं पर अकारण लाठीचार्ज के परिणामस्वरूप 70 से अधिक कार्यकर्ताओं को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। चार गंभीर रूप से घायल हैं जबकि दो की हालत नाजुक है।’’
पार्टी के एक नेता ने बताया कि भाजपा के युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सहित कुछ कार्यकर्ताओं को चोट लगने पर उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया है।
हालांकि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने के लिए किये गये बल प्रयोग से किसी भी कार्यकर्ता को चोट लगने से इंकार किया। अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को सीआरपीसी की धारा 129 के तहत तितर-बितर किया गया।
अजमेर पुलिस के सर्किल अधिकारी (उत्तर) छवि शर्मा ने बताया कि सिविल लाइंस क्षेत्र में निषेधाज्ञा लगी हुई है और प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर उसे पार करने की कोशिश की, उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके उन्हें पीछे धकेला। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को पीछे धकलने के दौरान कोई चोटग्रस्त नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की धक्का मुक्की में दो महिला कांस्टेबल को चोट लगी है।
दरअसल, प्रदर्शनकारी आरपीएससी कार्यालय का घेराव करने के लियए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए जिन्हें पुलिस ने पीछे धकेल दिया। इस दौरान भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची घायल हो गए।
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद तेजस्वी सूर्या ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले साढे़ चार साल में राजस्थान के युवाओं के प्रति घोर अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार 19 बार पेपर लीक होने से उन करोडों युवा साथियों का भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम हुआ है जो दूर दराज गांवों से प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने आये थे।
उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले दिनों में राजस्थान में युवाओं आक्रोश को व्यक्त करने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा एक सक्षम भूमिका, एक मंच के रूप में काम करेगा। युवाओं के आक्रोश को एकजुट करके पूरे प्रदेश में एक आंदोलन खडा करेंगे व एक नई सरकार भाजपा के नेतृत्व में पूरे राजस्थान में लायेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY