नयी दिल्ली, चार मार्च कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की बेटी के साथ कथित अभद्र व्यवहार तथा महिला विरोधी अपराध की कुछ अन्य घटनाओं का हवाला देते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘डबल इंजन’ सरकारें बेटियों के लिए अभिशाप साबित हो रही हैं।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने यह भी कहा कि यदि केंद्रीय मंत्री को न्याय नहीं मिलता है तो उन्हें इस्तीफा देकर अपनी बेटी और ऐसी स्थिति का सामना करने वाली दूसरी बेटियों की लड़ाई लड़नी चाहिए।
केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे की बेटी और उनकी कुछ सहेलियों को परेशान करने के मामले में सोमवार को दो और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि मामले में अब तक कुल चार लोगों को पकड़ा जा चुका है।
अलका ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘महाराष्ट्र में केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की बेटी और उनके दोस्तों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। प्राथमिकी के बाद पता चला है कि छेड़छाड़ करने वाला भाजपा का पूर्व पार्षद पीयूष मोरे है।’’
उन्होंने दावा किया कि मोरे की तस्वीरें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से लेकर बड़े-बड़े भाजपा नेताओं के साथ हैं।
अलका ने कहा, ‘‘अगर केंद्रीय मंत्री को ही न्याय नहीं मिलता तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा देकर, अपनी बेटी के साथ ही ऐसी कई बेटियों की लड़ाई लड़नी चाहिए।’’
उनका कहना था, ‘‘ 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाएगा, लेकिन बेटियों के साथ जो अपराध हो रहे हैं, उनका क्या? पुणे में 19 साल की लड़की से सामूहिक बलात्कार हुआ, इस घटना का वीडियो बनाया गया, लेकिन मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।’’
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि गुजरात में पिछले 9 साल में बेटियों के खिलाफ अपराध के 17 हजार मामले हैं। वहां हर महीने करीब 200 बेटियां न्याय के लिए थाने पहुंचती हैं।
उन्होंने कुछ अन्य घटनाओं का उल्लेख किया और आरोप लगाया कि देश में भाजपा की 'डबल इंजन' की सरकारें बेटियों के लिए अभिशाप साबित हो रही हैं।’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY