देश की खबरें | भाजपा की सहयोगी एनपीपी अरुणाचल प्रदेश में यूसीसी लागू करने के विरोध में

ईटानगर, नौ जुलाई नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) की अरुणाचल प्रदेश इकाई ने राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किए जाने का विरोध करने का फैसला किया है।

एनपीपी के राज्य महासचिव पाकंगा बागे ने बताया कि शनिवार को यहां पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में यह फैसला लिया गया।

एनपीपी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष लिखा साया ने पत्रकारों से कहा, ‘‘एनपीपी का विकासात्मक मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से गठबंधन है, लेकिन क्षेत्रीय पार्टी अपनी विचारधारा का पालन करती है।’’

बागे ने कहा कि पार्टी ने राज्य की विविध बहु-जातीय और बहु-आदिवासी संस्कृति के साथ ही उसकी मजबूत परंपराओं और पारंपरिक पहचान का हवाला देते हुए बैठक में यूसीसी का विरोध करने के लिए एक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया।

साया ने कहा, ‘‘एनपीपी एक धर्मनिरपेक्ष दल है और वह किसी व्यक्ति या धार्मिक समूह के खिलाफ कोई पूर्वाग्रह नहीं रखता है। उसका एकमात्र उद्देश्य राज्य में प्रत्येक नागरिक का विकास और कल्याण सुनिश्चित करना है।’’

अरुणाचल प्रदेश की 60 सदस्यीय विधानसभा में एनपीपी के चार विधायक हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)