देश की खबरें | विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के सहयोगी अपना दल (एस) ने दोनों सीटें जीतीं

लखनऊ, 13 मई उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की स्वार और मिर्जापुर जिले की छानबे (अनुसूचित जाति) विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी दल अपना दल (सोनेलाल) ने समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवारों को पराजित कर मुख्‍य विपक्षी दल को झटका दिया है, साथ ही सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के किले पर भी कब्जा कर लिया है।

अपना दल (एस) ने विधानसभा में अपने सदस्य संख्या में विस्तार करते हुए राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को भी मजबूती दी है।

रामपुर और छानबे में जीत पर उप्र के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को बधाई देते हुए ट्वीट किया '' उप्र की स्वार और छानबे विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा गठबंधन की शानदार विजय की सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं सम्मानित मतदाताओं को हार्दिक बधाई।''

उन्होंने कहा ''प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्राप्त ये जीत सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मूल मंत्र पर काम कर रही डबल इंजन सरकार द्वारा स्थापित सुशासन के प्रति अटूट जन-विश्वास की प्रतीक हैं। दोनों विधानसभा वासियों का अभिनंदन।''

वहीं केन्‍द्रीय राज्‍य मंत्री और अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने ट्वीट किया '' रामपुर के स्वार विधानसभा सीट की जीत अमन व विकास पसंद जनता, अपना दल, भाजपा व निषाद पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं व समर्थकों एवं आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उप्र के लोकप्रिय मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के सुशासन और विकास की जीत है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए एनडीए गठबंधन के समर्पित कार्यकर्ताओं का बहुत बहुत आभार।''

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, स्वार विधानसभा सीट पर उपचुनाव में अपना दल (सोनेलाल) के शफीक अहमद अंसारी ने सपा प्रत्याशी अनुराधा चौहान को 8724 मतों से हराया।

अपना दल (एस) के अंसारी को 68,630 वोट मिले जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की अनुराधा चौहान को 59,906 वोट मिले।

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले की अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित छानबे विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी दल अपना दल (सोनेलाल) की रिंकी कोल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तथा समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार कीर्ति कोल को 9587 मतों से हरा दिया है।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, अपना दल (एस) की रिंकी कोल को 76203 वोट मिले जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी कीर्ति को 66616 वोट मिले।

छानबे सीट अपना दल (एस) के विधायक राहुल प्रकाश कोल के निधन के बाद रिक्त घोषित की गयी थी। अपना दल (एस) ने राहुल कोल की पत्नी को उम्मीदवार बनाया जबकि सपा ने 2022 में राहुल को टक्‍कर देने वाली कीर्ति कोल पर ही दांव आजमाया।

छानबे (अजा) सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार अजय कुमार को 2541 मत मिले। इस विधानसभा सीट पर निर्दलीय समेत कुल आठ उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे थे। बहुजन समाज पार्टी ने यहां अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)